प्रश्न 1 / 482023 · सेट 5 · प्रश्न 15 अंक · केस स्टडी
कोलकाता भी दूसरे बड़े शहरों की तरह एक बड़ी नदी के किनारे बसा है । गंगा से निकली एक धारा ही है हुगली नदी । लेकिन दूसरे कई नगरों की तरह कोलकाता में नदी का बहाव एकतरफा नहीं है । हुगली ज्वारी नदी है और बंगाल की खाड़ी से उसका मुहाना 140 किलोमीटर की दूरी पर ही है । हर रोज ज्वार के समय समुद्र नदी के पानी को वापस कोलकाता तक ठेलता है । ज्वार और भाटे के बीच जल स्तर एक ही दिन में कई फुट ऊपर-नीचे हो जाता है ।
शहर के पश्चिम में बहने वाली हुगली नदी में कोलकाता अपना मैला पानी बहाकर उसे भुला नहीं सकता । नीचे बह जाने की बजाए क्या पता ज्वार के पानी के साथ अपशिष्ट पदार्थ वापस शहर लौट आएँ ? शहर के कुल मैले पानी का एक छोटा-सा हिस्सा ही हुगली में बहाया जाता है, वह भी चोरी-छिपे । इसका परिणाम यह है कि कोलकाता में हुगली अधिक दूषित नहीं है । लेकिन हर बड़े शहर को अपना मैला पानी फेंकने के लिए एक नदी चाहिए । तो फिर कोलकाता का मैला कहाँ जाता है ?
हुगली से उलटी दिशा में, शहर के पूरब में बहने वाली एक छोटी-सी नदी कुल्टीगंग में । पर नदी तक पहुँचने के पहले इस मैले पानी के बड़े हिस्से का उपचार होता है । कुल्टीगंग में गिरने वाला मैला पानी उतना दूषित नहीं होता है जितना वह शहर से निकलते समय होता है । यहाँ मैले पानी की सफाई का तरीका भी दूसरे शहरों से निराला है । कोई 30,000 एकड़ में फैले तालाब और खेत कोलकाता के कुल मैले पानी का दो-तिहाई हिस्सा साफ करते हैं । यही नहीं, इससे कई हजार लोगों को रोजगार मिलता है मैले पानी से मछलियाँ, सब्जियाँ और धान उगाकर ।
इसका एक कारण है यहाँ का अनूठा भूगोल, जो बना है गंगा के मुहाने पर होने वाले मिट्टी और पानी के प्राकृतिक खेल से । पता नहीं कब से गंगा की बड़ी धार यहाँ से बहकर बंगाल की खाड़ी में विसर्जित होती थी । पर यह संगम केवल गंगा और बंगाल की खाड़ी भर का नहीं रहा है । छोटी-बड़ी कई नदियों की कई धाराएँ हिमालय की मिट्टी गाद या साद के रूप में लाकर यहाँ जमा करती रही हैं । कह सकते हैं कि यहाँ हिमालय और समुद्र मिलते हैं ।
(i)
कोलकाता में बहने वाली किन-किन नदियों का उल्लेख अनुच्छेद में हुआ है ?
- Aगंगा, कुल्टीगंग, यमुना
- Bगंगा, हुगली, उल्टीगंगा
- Cगंगा, यमुना, हुगली
- Dहुगली, गंगा, कुल्टीगंग
(ii)
गद्यांश आधारित निम्नलिखित कथनों को पढ़कर सही विकल्प का चयन कीजिए :
कथन :
(क) हुगली नदी में जल-स्तर ज्वार और भाटे के अनुरूप ऊपर-नीचे होता रहता है ।
(ख) कुल्टीगंग कोलकाता के पूरब में बहती है ।
(ग) कोलकाता की अधिकतर नदियाँ उलटी दिशा की ओर बहती है ।
- Aकथन (क) सही है ।
- Bकथन (क) और (ख) सही हैं ।
- Cकथन (ख) और (ग) सही हैं ।
- Dकथन (ग) और (क) सही हैं ।
(iii)
कुल्टीगंग में गिरने वाला कोलकाता का मैला पानी उतना दूषित क्यों नहीं होता ?
- Aक्योंकि वह पहले हुगली नदी में जाता है ।
- Bकोलकाता के लोग पानी मैला नहीं करते ।
- Cनदी में गिरने से पूर्व खेतों और तालाबों से उपचारित होता है ।
- Dक्योंकि कुल्टीगंग स्वयं ही गंदगी को उपचारित कर लेती है ।
(iv)
निम्नलिखित कथन (A) और कारण (R) को पढ़कर उपयुक्त विकल्प चुनिए :
कथन (A) : कोलकाता के बगल में बंगाल की खाड़ी में हिमालय और समुद्र मिलते हैं ।
कारण (R) : यहाँ गंगा और अन्य नदियाँ मिट्टी गाद या साद इकट्ठा करती हैं ।
- Aकथन (A) गलत है पर कारण (R) सही है ।
- Bकथन (A) सही है पर कारण (R) गलत है ।
- Cकथन (A) और कारण (R) दोनों सही हैं ।
- Dकथन (A) और कारण (R) दोनों गलत हैं ।
(v)
कोलकाता हुगली नदी में अपना मैला पानी क्यों नहीं बहा सकता ?
- Aशहर में हुगली को पवित्र मानकर उसकी पूजा की जाती है ।
- Bहुगली एक छोटी नदी है, मैला पानी बहाने लायक नहीं है ।
- Cहुगली में समुद्र पानी वापस भेजता है, अपशिष्ट लौट सकता है ।
- Dहुगली पश्चिम में बहती है, अपशिष्ट उस ओर लाना कठिन है ।
इसे कागज़ पर हल करें। अटक गए? पूरा हल खोलें।