कक्षा 10

2024 बोर्ड पेपर · सेट 5

प्रश्न 1 / 482024 · सेट 5 · प्रश्न 15 अंक · केस स्टडी
राष्ट्रीय हरित हाइड्रोजन मिशन को केंद्रीय मंत्रिमंडल से मंजूरी मिलने पर हाइड्रोजन का विकल्प मिलने की संभावनाएँ बढ़ जाएँगी और हमारे देश में जीवाश्म ईंधन जैसे कच्चा तेल, कोयला आदि पर निर्भरता कम हो जाएगी और इससे ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन में भी पाँच करोड़ टन की कमी आ सकती है। राष्ट्रीय हाइड्रोजन मिशन का एक अहम् उद्देश्य पेट्रोल-डीज़ल जैसे जीवाश्म ईंधन पर निर्भरता ख़त्म करते हुए देश को स्वच्छ ऊर्जा के उत्पादन का केंद्र बनाना है। यह सही है कि इस समय हाइड्रोजन हमारी धरती पर उपलब्ध सबसे स्वच्छ ईंधन है। मगर समस्या यह है कि पृथ्वी पर मौजूद समस्त हाइड्रोजन किसी दूसरे तत्त्व जैसे पानी या अन्य हाइड्रोकार्बन के साथ गुँथा हुआ है। ऐसे में विलगाने की प्रक्रिया में प्रदूषण होता है। इसलिए इसे स्वच्छ या ग्रीन हाइड्रोजन नहीं कह सकते। ऐसी समस्याओं का इलाज है राष्ट्रीय ग्रीन हाइड्रोजन मिशन। उल्लेखनीय है कि इलैक्ट्रोलिसिस प्रक्रिया से ईंधन तैयार होने की प्रक्रिया पूरी तरह कार्बन उत्सर्जन से मुक्त होती है। हाइड्रोजन ईंधन तैयार करने के फिलहाल दो तरीके हैं। पहला तरीका इलैक्ट्रोलिसिस यानी पानी में से बिजली गुज़ार कर हाइड्रोजन ईंधन प्राप्त करने वाला है। दूसरा तरीका प्राकृतिक गैस से हाइड्रोजन और कार्बन को तोड़कर ईंधन तैयार करने का है। इलैक्ट्रोलिसिस प्रक्रिया से तैयार होने वाले हाइड्रोजन ईंधन में स्वच्छ ऊर्जा इस्तेमाल होती है। सौर ऊर्जा या पवन ऊर्जा वाले बिजलीघरों से मिली बिजली के इस्तेमाल से पानी को इलैक्ट्रोलाइज़ कर हाइड्रोजन अलग की जाती है। ऐसे ईंधन को 'ग्रीन' हाइड्रोजन या जी.एच.-2 या फिर ग्रीन फ्यूल कहते हैं। इस तरह की ऊर्जा के बारे में दावा है कि इससे सबसे बड़ा लाभ तेल शोधन, खाद निर्माण, सीमेंट, स्टील और भारी उद्योगों को होगा, क्योंकि वहाँ हाइड्रोजन ईंधन को सी.एन.जी. और पी.एन.जी. के साथ मिलाकर प्रयोग करने पर ये भारी उद्योग कार्बन मुक्त हो सकेंगे।
(i)
गद्यांश के संदर्भ में निम्नलिखित कथनों को ध्यान से पढ़िए और उचित विकल्प छाँटकर लिखिए कि हाइड्रोजन ईंधन से हमें कौन-सा/से लाभ मिलेंगे। I. जीवाश्म ईंधन, कच्चा तेल आदि पर निर्भरता कम होगी। II. सबको बहुत ही सस्ती दरों पर बिजली उपलब्ध होगी। III. ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन में काफी कमी आ सकेगी।
  • AI सही है।
  • BI और III सही हैं।
  • CIII सही है।
  • DI और II सही हैं।
(ii)
जीवाश्म ईंधन से बचना क्यों ज़रूरी है ?
  • Aप्रदूषण-रहित पर्यावरण के लिए
  • Bअत्यधिक व्यय से बचने के लिए
  • Cअत्याधुनिक बनने के लिए
  • Dसभी के साथ चलने के लिए
(iii)
पृथ्वी पर मौजूद समस्त हाइड्रोजन को 'ग्रीन हाइड्रोजन' क्यों नहीं कहा जा सकता ?
  • Aधरती पर उपलब्ध अन्य तत्त्वों के साथ गुँथा हुआ है।
  • Bपानी में मिले अन्य पदार्थ अलग करना असंभव है।
  • Cहाइड्रोजन को तोड़ने में प्रदूषण से बचना कठिन है।
  • Dआज चारों तरफ हरियाली का पर्याप्त अभाव है।
(iv)
'ग्रीन फ्यूल' कौन-सा है ?
  • Aहरी वनराशि को पीसकर तैयार किया गया ईंधन
  • Bपानी और प्राकृतिक ऊर्जा से मिली बिजली से तैयार ईंधन
  • Cजीवाश्म ईंधन को इलैक्ट्रोलाइज़ करके तैयार ईंधन
  • Dकार्बन उत्सर्जन को नकारते हुए तैयार सस्ता ईंधन
(v)
कथन और कारण को पढ़कर उपयुक्त विकल्प चुनिए : कथन : इलैक्ट्रोलिसिस प्रक्रिया से ईंधन तैयार करना सर्वोत्तम है। कारण : ईंधन बनाए जाने की यह प्रक्रिया कार्बन उत्सर्जन से रहित होती है।
  • Aकथन ग़लत है, किंतु कारण सही है।
  • Bकथन और कारण दोनों ग़लत हैं।
  • Cकथन सही है और कारण, कथन की सही व्याख्या नहीं है।
  • Dकथन सही है और कारण, कथन की सही व्याख्या है।

इसे कागज़ पर हल करें। अटक गए? पूरा हल खोलें।