कक्षा 10

2025 बोर्ड पेपर · सेट 3

प्रश्न 1 / 442025 · सेट 3 · प्रश्न 17 अंक · केस स्टडी
उत्तरी गोलार्ध में पतझड़ में प्रवास में चिड़ियाँ अंडे देने के स्थान से चलती हैं । वे उत्तर से दक्षिण की ओर ऊँचे अक्षांशों से निचले अक्षांशों की ओर जाती हैं; दक्षिणी गोलार्ध इसका उल्टा होता है जो कि स्वाभाविक ही है । चिड़ियाँ दक्षिण की सर्दी से बचने के लिए उत्तर की ओर चल पड़ती हैं । यह बात तो समझ में आती है कि कुछ चिड़ियाँ सख्त जाड़े से घबरा कर अपेक्षाकृत कम ठंडे स्थानों की ओर भाग जाती हैं और जैसे ही गर्मी शुरू होने लगती है, लौट कर अपने देश आ जाती हैं । वे अपने देश जब आती हैं, उस समय वहाँ पेड़ों पर नई-नई कोंपलें, कलियाँ और फूल निकले होते हैं और परिवार के पोषण के लिए तमाम तरह के कीड़े-मकोड़े उपलब्ध होते हैं । गर्मी खत्म होते-होते बच्चे बड़े होकर आत्मनिर्भर हो जाते हैं और पतझड़ के बाद पहली सर्दी के पड़ते ही, चिड़ियाँ दक्षिण की ओर चल देने को तैयार हो जाती हैं । यहाँ तक तो ऐसा लगता है कि इन कठिन प्रवास यात्राओं का निश्चित महत्त्व है और शायद जो चिड़ियाँ प्रवास पर जाती हैं उनके लिए, कुछ हद तक यह आवश्यक भी है; लेकिन उलझन में डालने वाली बात यह है कि कुछ चिड़ियाँ प्रवास पर पूर्व से पश्चिम या पश्चिम से पूर्व को लगभग उसी अक्षांश पर, लगभग उसी प्रकार के जलवायु वाले प्रदेशों में अंडे देने के लिए जाती हैं । अपनी इस लंबी यात्रा पर प्रस्थान करने से पहले प्रवासी चिड़ियाँ इसके लिए बाकायदा तैयारी करती हैं । वे खाना अधिक मात्रा में खाती हैं ताकि चर्बी की एक तह सी बैठ जाए जो उनकी यात्रा में उनके शरीर को ताकत प्रदान करती रहे । कुछ चिड़ियाँ अभ्यास करना और झुंड बनाकर उड़ना सीखना शुरू कर देती हैं । प्रयोगों से पता चला है कि सूरज निकलने और डूबने से चिड़ियों को प्रस्थान के समय का संकेत मिलता है । लंबी यात्रा में सूरज ही उनको कुतुबनुमा का काम देता है ।
(i)
पक्षी ऊँचे अक्षांशों से निचले अक्षांशों की ओर क्यों जाते हैं ? I. प्रवास के उद्देश्य से II. अधिक सर्दी से बचने के लिए III. गर्मी के मौसम की खोज में
  • Aकेवल II
  • BI और III
  • CII और III
  • DI और II
(ii)
निम्नलिखित कथन और कारण को ध्यानपूर्वक पढ़कर दिए गए विकल्पों से सही उत्तर चुनकर लिखिए : कथन : कुछ पक्षी समान जलवायु वाले प्रदेशों में अंडे देने के लिए प्रवास करते हैं । कारण : उनके लिए पश्चिम से पूर्व या पूर्व से पश्चिम जाना अनिवार्य होता है ।
  • Aकथन सही है, परंतु कारण गलत है ।
  • Bकथन गलत है, परंतु कारण सही है ।
  • Cकथन सही है और कारण उसकी उचित व्याख्या है ।
  • Dकथन और कारण दोनों सही हैं, परंतु कारण, कथन की उचित व्याख्या नहीं है ।
(iii)
चिड़ियाँ जब प्रवास से लौटती हैं तब उनके देश में कौन-सा परिवर्तन आ चुका होता है ?
  • Aगर्मी का मौसम खत्म हो चुका होता है ।
  • Bपेड़ों पर नई कोंपलें, फूल आदि लग चुके होते हैं ।
  • Cउनके बच्चे बड़े होकर अपने रास्तों पर निकल चुके होते हैं ।
  • Dसारे कीड़े-मकोड़े अनुपलब्ध हो चुके होते हैं ।
(iv)
पक्षी प्रवास पर जाने से पहले कौन-सी तैयारियाँ करते हैं ? किन्हीं दो का स्पष्ट उल्लेख कीजिए ।
(v)
पक्षियों के लिए प्रवास की आवश्यकता और उसके महत्त्व को अपने शब्दों में स्पष्ट कीजिए ।

इसे कागज़ पर हल करें। अटक गए? पूरा हल खोलें।