कक्षा 10

2025 बोर्ड पेपर · सेट 5

प्रश्न 1 / 442025 · सेट 5 · प्रश्न 17 अंक · केस स्टडी
गद्यांश: भारतीय सभ्यता विश्व की सबसे पुरानी सभ्यताओं में से एक है, जिसमें बहुरंगी विविधता और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत है। इसके साथ ही यह अपने आपको बदलते समय के साथ ढालती भी आई है। इसमें प्राचीन गौरवशाली मान्यताओं एवं परंपराओं के साथ नवीनता का समावेश भी दिखाई देता है। यह विभिन्न सांस्कृतिक धारणाओं का महासंगम है। इसमें अध्यात्म एवं भौतिकता का समन्वय दिखाई देता है। अपनी पारंपरिक संस्कृति से लेकर तिब्बत, मंगोल, द्रविड़, हड़प्पाई और यूरोपीय धाराओं के समागम के बावजूद भारतीय संस्कृति ने अपना पृथक् अस्तित्व बनाए रखा और नवागत संस्कृतियों की अच्छी बातों को उदारतापूर्वक ग्रहण किया। भारतीय संस्कृति में 'सर्वे भवन्तु सुखिन:' की भावना के साथ सबके कल्याण की बात कही गई है। साथ ही 'वसुधैव कुटुंबकम्' की पवित्र भावना के साथ संपूर्ण विश्व को ही एक परिवार के रूप में स्वीकार किया गया है। हमारी संस्कृति ने जीवन में 'एकल' को स्वीकार करने, उसका मानवर्धन करने या उसकी ओर अग्रसर होने की बात नहीं सिखाई बल्कि 'सकल' को स्थापित किया। 'व्यष्टि' के स्थान पर 'समष्टि' को महत्त्व और प्राथमिकता दी गई है। हमारे पूर्वजों ने सिखाया कि इस नश्वर संसार में 'मैं' का कोई महत्त्व नहीं है। यहाँ तो 'हम' के बिना मनुष्य जीवन का कुछ होने वाला नहीं है। यह सच है कि मनुष्यता का ऐसा उदात्त भाव, संस्कारों की ऐसी तरलता, सरलता और सांस्कृतिक गहराई दुनिया के किसी समाज, धर्म–संस्कृति में नहीं मिलती, जबकि हमारी संस्कृति में ये हमारी धमनियों में प्रवाहित रक्त के समान तथा हमारी श्वासों के साथ हमारी देह में प्रविष्ट करने वाली प्राण–धारा के समान है। आज आवश्यकता है कि हम अतीत की सांस्कृतिक धरोहर को सहेजें–सँवारें तथा उसकी मज़बूत आधारशिला पर खड़े होकर नए मूल्यों और संस्कृति को निर्मित एवं विकसित करें।
(i)
गद्यांश में भारतीय संस्कृति के किस तत्त्व का उल्लेख नहीं किया गया है?
  • Aसबके सुख की कामना
  • Bसबके कल्याण की भावना
  • Cसमस्त वसुधा एक परिवार
  • Dव्यष्टि उत्थान को प्राथमिकता
(ii)
निम्नलिखित कथन तथा कारण को ध्यानपूर्वक पढ़िए और उचित विकल्प का चयन कीजिए: कथन: भारतीय संस्कृति 'एकल' का मानवर्धन करने के स्थान पर 'सकल' का महत्त्व स्थापित करती है। कारण: भारतीय संस्कृति की विशालता और महत्ता संपूर्ण मानव के साथ तादात्म्य संबंध स्थापित करने में है।
  • Aकथन तथा कारण दोनों गलत हैं।
  • Bकथन सही है, लेकिन कारण कथन की सही व्याख्या नहीं है।
  • Cकारण सही है, लेकिन कथन गलत है।
  • Dकथन व कारण दोनों सही हैं तथा कारण कथन की सही व्याख्या करता है।
(iii)
'इस नश्वर संसार में मैं का कोई महत्त्व नहीं है।' — कथन में प्रयुक्त 'मैं' का अर्थ है –
  • Aअहंकार
  • Bजीवन
  • Cएकल
  • Dमनुष्य
(iv)
भारतीय संस्कृति में 'मैं' की जगह किसे महत्त्व दिया गया है और क्यों?
(v)
भारतीय संस्कृति के अक्षुण्ण बने रहने का क्या कारण है? किन्हीं दो कारणों का उल्लेख कीजिए।

इसे कागज़ पर हल करें। अटक गए? संकेत लें या पूरा हल खोलें।