प्रश्न 1 / 442025 · सेट 6 · प्रश्न 17 अंक · केस स्टडी
शिक्षकों को अपने यहाँ बहुत से विशेषणों से संबोधित किया जाता रहा है । शिक्षक को राष्ट्र-निर्माता कहा जाता है । युवा पीढ़ी का सुधारक, मशाल-वाहक और पथ-प्रदर्शक भी कहा जाता है । शिक्षक शिक्षा के साथ-साथ अपने शिष्यों को जीवन-कौशल और नैतिक मूल्यों का भी ज्ञान प्रदान करते हैं । मानव जाति के लिए नई सोच और दृष्टिकोण की अपेक्षा भी शिक्षकों से ही की जाती है । शिक्षकों की महत्त्वपूर्ण भूमिका समाज को सशक्त और समृद्ध बनाने में भी है ।
हमारी भारतीय ज्ञान परंपरा और प्राचीन ग्रंथों में जगह-जगह एक आदर्श गुरु के गुणों को वर्णित किया गया है । स्कंद पुराण के गुरु-स्तोत्रम् में तो गुरुओं की तुलना ब्रह्मा, विष्णु और महेश से की गई है तथा गुरु को साक्षात् परब्रह्म माना गया है । एक अच्छे गुरु में गहन ज्ञान, विद्वत्ता, करुणा, नैतिकता व चरित्र, नवीनता, नवाचार, अनुशासनप्रियता और समानता का भाव अपेक्षित है । यही गुण एक गुरु को महान बनाते हैं और शिष्यों के जीवन में सकारात्मक प्रभाव डालते हैं । अपनी सदी के महान कवि और संत कबीरदास जी ने भी कहा है – 'गुरु कुम्हार शिष कुंभ है, गढ़ि-गढ़ि काढ़ै खोट' – अर्थात् गुरु कुम्हार है और शिष्य घड़ा है जो गढ़-गढ़ कर शिष्य की कमियों को दूर करता है । शिक्षक अपने सफल मार्गदर्शन द्वारा शिष्यों को उनकी शक्तियों से परिचित कराते हुए उनके विकास के मार्ग को प्रशस्त करते हैं । शिक्षक समाज के भविष्य निर्माताओं को तैयार करने में एक अहम भूमिका निभाते हैं ।
(i)
शिक्षक शिक्षा के साथ-साथ शिष्यों को प्रदान करता है –
- Aनैतिक मूल्यों का ज्ञान
- Bधन-अर्जित करने का ज्ञान
- Cपेशेवर विकास का ज्ञान
- Dभविष्य सुनिश्चित करने का ज्ञान
(ii)
गुरु को ब्रह्मा क्यों कहा गया है ?
- Aछात्रों के हित गुरु के भीतर छिपी कल्याण-भावना के कारण
- Bसमाज के भविष्य निर्माताओं को तैयार करने की भूमिका के कारण
- Cछात्रों के जीवन पर सकारात्मक प्रभाव डालने के कारण
- Dरोज़गार हेतु विद्यार्थियों में कौशल विकास करने के कारण
(iii)
निम्नलिखित कथन तथा कारण को ध्यानपूर्वक पढ़कर उचित विकल्प का चयन कीजिए :
कथन : मानव जाति के लिए नई सोच और दृष्टिकोण विकसित करना शिक्षक का दायित्व है ।
कारण : हमारी ज्ञान परंपरा और ग्रंथों में गुरु को महान बताया गया है ।
- Aकथन तथा कारण दोनों गलत हैं ।
- Bकारण सही है लेकिन कथन गलत है ।
- Cकथन सही है लेकिन कारण कथन की सही व्याख्या नहीं है ।
- Dकथन तथा कारण दोनों सही हैं तथा कारण कथन की सही व्याख्या करता है ।
(iv)
शिक्षक को पथ-प्रदर्शक क्यों कहा जाता है ? किन्हीं दो बिंदुओं का उल्लेख कीजिए ।
(v)
कबीरदास जी ने गुरु की तुलना कुम्हार से क्यों की है ? किन्हीं दो कारणों को स्पष्ट कीजिए ।
इसे कागज़ पर हल करें। अटक गए? पूरा हल खोलें।